जिला स्तरीय इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन, पाइप बैंड में ओलंपस हाई स्कूल एवं ब्रास बैंड में ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल ने मारी बाजी
----------------------------------
भोपाल में 5 नवंबर को आयोजित होगी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता, विजेता प्रतिभागियों को दी गई शुभकामनाएं
----------------------------------
विदिशा। पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पाइप बैंड एवं ब्रास बैंड की विभिन्न श्रेणियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी एवं विद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीप्ति शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में पाइप बैंड श्रेणी (बालक एवं बालिका) तथा ब्रास बैंड श्रेणी (बालक एवं बालिका) के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में पाइप बैंड श्रेणी में ओलंपस हाई स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्रास बैंड श्रेणी में ट्रिनिटी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का निर्णय निर्णायक समिति के सदस्य श्रीमती अमिता बिसानी, श्री सुनील श्रीवास्तव, श्री ओमप्रकाश चौबे, श्री विवेक श्रीवास्तव एवं श्रीमती सरोज मैना द्वारा किया गया। प्राचार्य डॉ. दीप्ति शुक्ला ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी 5 नवंबर को भोपाल में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। प्रत्येक बैंड दल में 25 से 33 प्रतिभागी शामिल होंगे। पाइप बैंड प्रतियोगिता का आयोजन मॉडल स्कूल, टी.टी. नगर तथा ब्रास बैंड प्रतियोगिता का आयोजन जवाहर स्कूल, भोपाल में किया जाएगा। अंत में निर्णायक समिति के सदस्यों एवं नोडल अधिकारी द्वारा विजयी विद्यालयों के प्रतिभागियों को बधाई एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। #vidisha #education
28 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026