राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल
-------------------------------------------
विदिशा। आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल आज सिरोंज में कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल के द्वारा सिरोंज में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से किया गया। इसके उपरांत समाज बंधुओ ने प्रभारी मंत्री श्री पटेल का शाल श्रीफल व फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया तथा उपस्थित समाजजनों को आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके जीवन से हमें राष्ट्रसेवा, एकता और समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने समाज के लोगों से अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षा ही उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम है। शिक्षित युवा न केवल अपने परिवार का बल्कि समाज और देश का भी बेहतर भविष्य निर्माण करते हैं। उन्होंने समाजजनों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशामुक्त जिला बनाने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी होगी। जब परिवार स्तर पर नशे के विरुद्ध जागरूकता और संकल्प विकसित होगा, तब गांव और जिला स्वतः नशामुक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने समाज के लोगों से आपसी एकता, सहयोग और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलजुलकर समाज की प्रगति के लिए कार्य करें। छोटी-छोटी बातों को लेकर मनमुटाव बढ़ाने के बजाय एक-दूसरे का सहयोग करें तथा आपसी बुराइयों को दूर कर विकास और सामाजिक उत्थान के मार्ग पर आगे बढ़ें। कार्यक्रम में कुर्मी क्षत्रिय समाज के वरिष्ठजन, समाज बंधु एवं संगठन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। #Vidisha
7 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 4, 2026