खाद्य आयोग की मंशानुरूप पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें – प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा
--------------------------------------
राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने विदिशा प्रवास के दौरान विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की गहन समीक्षा की
--------------------------------------
विदिशा। मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने आज विदिशा जिले के प्रवास के दौरान आयोग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की विभागवार समीक्षा की। कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग की मंशानुरूप निर्धारित पात्रता एवं दायरे में आने वाले सभी हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
आयोग अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा ने खाद्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने की व्यवस्था तथा मैदानी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर उनका लाभ सहजता से प्राप्त हो। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्रता संबंधी प्रक्रियाओं अथवा विभागीय समन्वय के अभाव में किसी भी हितग्राही को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रो. मल्होत्रा ने कहा कि आधुनिक संचार के इस युग में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव है। ऐसे में विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, तत्परता और शुद्धता बनाए रखना आवश्यक है। योजनाओं से संबंधित जानकारी हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा पात्रता एवं लाभ वितरण से जुड़े अभिलेखों और प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करें और मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाएं। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि आयोग के उद्देश्यों के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उक्त बैठक में सदस्यगणों के अलावा अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सुरभि तिवारी एसडीएम मनीष जैन,डीपीओ श्रीमती विनीता लोढ़ा एवं परियोजना अधिकारियो के साथ साथ अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। #vidisha #JansamparkMP
26 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026