बच्चों के बीच शिक्षक बने बीईओ अभय कुमार रमण, मध्य विद्यालय रामेश्वर सलेमपुर में ली कक्षा
टिकारी। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल का जायजा लेने के उद्देश्य से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. अभय कुमार रमण ने मध्य विद्यालय रामेश्वर सलेमपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बच्चों के बीच पहुंचकर स्वयं कक्षा ली और उन्हें पढ़ाया।
बीईओ के अचानक बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में पहुंचने से विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे और उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। बच्चों के जवाब सुनकर उन्होंने आवश्यक सुधार के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
डॉ. रमण ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव ही उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार है। विद्यालय में शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के अंदर सीखने की जिज्ञासा पैदा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, कक्षा संचालन, साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय के अनुसार नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करें और बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बीईओ द्वारा बच्चों के बीच बैठकर स्वयं कक्षा लेने की पहल को विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सराहा। इससे विद्यालय में सकारात्मक और शैक्षणिक वातावरण का संदेश गया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित निरीक्षण के साथ-साथ बच्चों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति को समझना जरूरी है।