जालौन में 9,786 किशोरियों को लगेगा HPV का टीका, 17 सितंबर तक चलेगा अभियान
डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने शत-प्रतिशत टीकाकरण के दिए निर्देश, सीएमओ डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने दी अभियान की जानकारी
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
जालौन। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में जनपद जालौन में व्यापक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक एवं धर्मगुरु सहभागिता सम्मेलन आयोजित किया गया। अभियान के तहत जनपद में 9,786 पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने बताया कि अभियान 3 से 17 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत ऐसी 14 वर्ष की किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 10 सितंबर तक 9,786 बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अभियान को सफल बनाने में विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों, राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों सहित सभी संबंधित विद्यालयों में पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन किशोरियों व उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा टीकाकरण के महत्व के संबंध में सही एवं प्रमाणित जानकारी दें।
डीएम ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक को काशीराम कॉलोनी में विशेष कैंप आयोजित कर लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा टीकाकरण के बाद होने वाली प्रतिकूल घटनाओं (AEFI) के प्रबंधन की समुचित तैयारी रखने को कहा। अस्पतालों की ओपीडी में आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को भी एचपीवी टीके के लाभ की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान आशा, एएनएम, सीएचओ और अन्य स्वास्थ्य कर्मी लक्षित परिवारों से संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान में Gardasil (Quadrivalent) वैक्सीन का प्रयोग किया जाएगा। टीकाकरण जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर/उपकेंद्रों के साथ-साथ बड़े विद्यालयों में भी कराया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है। अभिभावक की लिखित सहमति अथवा U-WIN पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सहमति प्राप्त होने के बाद ही किशोरी का टीकाकरण किया जाएगा। धर्मगुरुओं से भी अपील की गई कि वे समाज में एचपीवी टीकाकरण को लेकर सही एवं प्रमाणित जानकारी पहुंचाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#HPVVaccination #HPVImmunization Jitendra Gupta #HPVVaccine #VaccinationDrive #Jalaun #JalaunNews #HealthAwareness #dmjalaun #PublicHealth #cmojalaun #AdolescentHealth #GirlsHealth #CancerPrevention #orai #OraiNews #CervicalCancerPrevention #UttarPradesh #HealthDepartment #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Sep 3, 2026