उरई दर्शन की खबर का असर: करमेर गांव में शुरू हुआ सफाई अभियान
डीएम-सीएमओ ने तत्काल लिया संज्ञान, गांव में सफाई, फॉगिंग और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कवायद शुरू
उरई (जालौन)। करमेर गांव में बढ़ती गंदगी और मच्छरों के प्रकोप को लेकर उरई दर्शन में प्रकाशित खबर का जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया है। खबर सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने गांव में आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू करा दी हैं।
ग्रामीणों द्वारा गांव में जगह-जगह फैली गंदगी, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और संक्रामक बीमारियों की आशंका को लेकर जिलाधिकारी व सीएमओ को पत्र भेजकर सफाई, फॉगिंग और मेडिकल कैंप की मांग की गई थी। इस समस्या को उरई दर्शन ने प्रमुखता से ट्विटर (X), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उठाया था।
खबर का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों के निर्देश पर गांव में सफाई कार्य शुरू कराया गया। इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच और आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने और तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कराने के लिए उरई दर्शन का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं होने से गांव में बीमारी फैलने के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकेगा।
Orai, Jalaun | Sep 3, 2026