घर के बाहर बैठे युवक पर लाठी-डंडों से हमला, वीडियो वायरल
कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप, पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर शुरू की जांच
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के पहलवान बाड़ा मोहल्ले में बुधवार देर रात घर के बाहर बैठे युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहलवान बाड़ा के एक व्यक्ति के मुताबिक, वह रात करीब 10 बजे घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उस पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके एक साथी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से चले गए।
व्यक्ति ने 3 नामजद समेत अन्य लोगों पर एकजुट होकर हमला करने, गाली-गलौज और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
मारपीट के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
Orai, Jalaun | Sep 3, 2026