रोहतास के लाल आकाश दीप ने किया कमाल, न्यूजीलैंड के तीन बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन
23 ओवर में 53 रन देकर झटके 3 विकेट, भारतीय गेंदबाजी में दिखाया दम
रोहतास जिले के लाल और भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर रोहतास और बिहार के साथ-साथ पूरे का नाम रोशन किया है। न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में आकाश दीप ने अपनी धारदार गेंदबाजी से तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
आकाश दीप ने कुल 23 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 7 ओवर मेडन रहे। उन्होंने 53 रन खर्च कर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी 2.30 रही। उन्होंने रचिन रवींद्र (15 रन), ग्लेन फिलिप्स (118 रन) और काइल जैमीसन (11 रन) को अपना शिकार बनाया।
आकाश दीप ने ग्लेन फिलिप्स का महत्वपूर्ण विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बड़ी साझेदारी को तोड़ने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास से न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रनों पर समाप्त हुई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक चार विकेट लिए, जबकि अंशुल कंबोज को दो और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।
जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने भी शानदार शुरुआत की। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए थे। यशस्वी जायसवाल ने 85 रन बनाए, जबकि केएल राहुल 52 और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
आकाश दीप के इस प्रदर्शन से रोहतास जिले में खुशी का माहौल है। जिले के इस होनहार खिलाड़ी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। Akashdeep Purvanchal Express