बिक्रमगंज बस स्टैंड में अतिक्रमण पर चला बुल्डोजर, प्रशासन ने चलाया अभियान
एसडीएम और एसडीपीओ ने किया संयुक्त निरीक्षण, यात्री वाहनों के सुचारू परिचालन को लेकर दिए निर्देश
बिक्रमगंज बस स्टैंड को अतिक्रमणमुक्त एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से बस स्टैंड का निरीक्षण किया और परिसर में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन के अनुसार, इससे पहले भी बस स्टैंड को सुव्यवस्थित करने, बस एवं अन्य यात्री वाहनों का निर्धारित स्थान से परिचालन सुनिश्चित कराने तथा अनधिकृत अतिक्रमण हटाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
प्रशासन का उद्देश्य बस स्टैंड परिसर को अतिक्रमणमुक्त बनाकर यात्री वाहनों का सुचारू परिचालन सुनिश्चित करना है। इससे यात्रियों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही मुख्य सड़क और बस स्टैंड परिसर में लगने वाले अनावश्यक जाम पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड का उपयोग निर्धारित प्रयोजन के लिए ही किया जाएगा। किसी भी प्रकार का अनधिकृत अतिक्रमण या यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने आम लोगों एवं वाहन संचालकों से बस स्टैंड की निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।