ऑटो-बाइक की जोरदार टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
भोजपुर के तीन युवक बाइक से जा रहे थे बिक्रमगंज, हादसे के बाद ऑटो चालक फरार
काराकाट (रोहतास)। थाना क्षेत्र के चौथी वाणी अंतर्गत सलेमपुर-मुंजी-चिकसील पथ पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे भकुरा गांव के समीप ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी इदरीश मंसूरी के 22 वर्षीय पुत्र अलीमुद्दीन मंसूरी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में इसी गांव के मैनुद्दीन मंसूरी के 25 वर्षीय पुत्र राजा मंसूरी तथा सगीर मंसूरी के 18 वर्षीय पुत्र परवेज मंसूरी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव भकुरा से बिक्रमगंज जा रहे थे। इसी दौरान कबाड़ लादकर जा रहे एक ऑटो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अलीमुद्दीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए बिक्रमगंज भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।