लंबित योजनाओं में तेजी लाएं, गुणवत्ता से समझौता नहीं : डीएम
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं समन्वय समिति की मासिक बैठक हुई। इसमें विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों की योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने तथा योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में पिछली बैठक के 116 अनुपालन बिंदुओं की समीक्षा की गई। इनमें 22 का अनुपालन पूरा, 75 प्रक्रियाधीन और 19 बिंदु लंबित पाए गए। डीएम ने प्रक्रियाधीन एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय और महादलित टोलों में सामुदायिक भवन समेत विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने और सीमांकन में तेजी लाने को कहा गया। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की 91 जलापूर्ति योजनाओं से जुड़े लंबित भूमि मामलों के शीघ्र निष्पादन, खराब चापाकलों की मरम्मत और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नगर परिषद क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत निर्माणाधीन नाला कार्य की अनुमंडल पदाधिकारी को लगातार निगरानी करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्य की प्रगति और गुणवत्ता में सुधार होने तक संबंधित वेंडर को भुगतान नहीं किया जाए।
कायाकल्प योजना की समीक्षा में बताया गया कि विभिन्न विभागों ने अब तक करीब 51 करोड़ रुपये की प्रविष्टि की है। डीएम ने कार्यों की नियमित निगरानी कर गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में कार्यरत सभी सरकारी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने आवास पर छत सौर संयंत्र लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया। वहीं निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने को कहा गया।
सड़क एवं पुल निर्माण की समीक्षा के दौरान एसएस कॉलेज के समीप प्रस्तावित हाई ओवर ब्रिज के लिए लंबित भूमि मामले का शीघ्र निष्पादन, अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया। रघुनी चौक के समीप भूमि संबंधी समस्या का समाधान कर ग्रामीण कार्य विभाग को सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी को सभी पंचायत कार्यालयों में पंचायत कर्मियों की नियमित एवं समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं तकनीकी तथा अभियंत्रण विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 8, 2026