जहानाबाद : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ सोमवार को चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह से ही विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने भी उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया से जहानाबाद के सर्वांगीण विकास के साथ जिलेवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की ओर से छठ घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहे। स्वास्थ्यकर्मियों, सफाईकर्मियों, गोताखोरों और स्वयंसेवकों ने भी अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।