महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सक्रिय हुई पुलिस दीदी
जहानाबाद, जिले में महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस दीदी टीम द्वारा विशेष गश्ती अभियान चलाया गया।
टीम की महिला पुलिसकर्मी बाइक एवं स्कूटी से विभिन्न इलाकों में लगातार गश्ती कर रही हैं। इस दौरान स्कूलों, बाजारों, पूजा पंडालों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही छात्राओं एवं बच्चों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। पुलिस दीदी टीम की सक्रियता से सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की जा रही है।