उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जहानाबाद : लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान घाटों पर भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसे लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।