राष्ट्रीय तनाव जागरूकता दिवस पर काइनात इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम, विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के बताए गए तरीके
जहानाबाद : राष्ट्रीय तनाव जागरूकता दिवस के अवसर पर बुधवार को काको स्थित काइनात इंटरनेशनल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने शामिल होकर विद्यार्थियों को जीवन में तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने 'सेवा के लिए सिविल सेवक बनें' (Serve the Nation as a Civil Servant) विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, अनुशासन बनाए रखना और निरंतर प्रयास करना जरूरी है। विद्यार्थियों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने की बात कही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और तनावमुक्त जीवन तथा भविष्य में अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरणादायक बातें सुनीं।