आगामी सावन एवं कांवड़ यात्रा को लेकर बेनीगंज पुलिस अलर्ट, नवागत प्रभारी निरीक्षक कौशलेंश सिंह ने पीस कमेटी की बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
.
#हरदोई: आगामी सावन मास, कांवड़ यात्रा एवं नागपंचमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नवागत प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र सिंह ने कोतवाली बेनीगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पत्रकार, डीजे संचालक, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं अन्य सामाजिक लोगों ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक कौशलेंश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से डीजे संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि यात्रा में प्रयोग होने वाले डीजे एवं अन्य उपकरणों की ऊंचाई 8 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि विद्युत लाइनों एवं अन्य संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए, जिससे आमजन, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसमें जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान बेनीगंज स्थित विशाल पौराणिक पश्चिम महादेव मंदिर में नागपंचमी के अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन एवं मेले का आनंद ले सके।
उन्होंने बैठक में उपस्थित पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं डीजे संचालकों से सुझाव भी आमंत्रित किए और कहा कि जनसहयोग एवं आपसी समन्वय से ही सावन माह के सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जा सकते हैं।
बेनीगंज पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, कानून का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनसहयोग ही सुरक्षित एवं सफल कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jul 15, 2026