भूख लगी है खाना खिला दो' कहकर महिला से 20 लाख ठगे, 200 के नोट से किया बेहोश; 24 घंटे बाद आया होश
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में दो युवकों ने एक महिला को भूखे होने का झांसा देकर 20 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और नकदी ठग ली।
आरोप है कि युवकों ने पहले महिला को बातों में उलझाया और 200 रुपये के नोट पर नशीला पदार्थ लगाकर उसे वापस कर दिया।
इसके बाद महिला को सुध-बुध खोने की स्थिति में पहुंचाकर घर से आभूषण और नकदी मंगवा ली।
बदले में कागज में पत्थर के दो टुकड़े लपेटकर दे दिए। करीब 24 घंटे बाद होश में आने पर महिला ने स्वजन को घटना बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान में जुटी है।
बाजार में भूखे होने का झांसा दिया
मोहल्ला रफीकनगर निवासी रहीसुद्दीन का लकड़ी के फर्नीचर का शोरूम है। उनके अनुसार, शनिवार को वह किसी काम से शहर से बाहर गए थे। शाम को उनकी पत्नी नाजरीन घर का सामान लेने बाजार गई थीं।
वापसी के दौरान मजीदपुरा में दो युवक उन्हें मिले। दोनों ने भूखे होने की बात कहकर खाना खिलाने के लिए रुपये मांगे। नाजरीन ने उन्हें 200 रुपये का नोट दे दिया।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया और दूसरे ने नोट पर कुछ पदार्थ लगाकर उसे वापस कर दिया। इसके बाद युवकों ने कहा कि उन्हें रुपये नहीं चाहिए, बल्कि वह घर से लाकर उन्हें खाना खिला दें।
नशीला पदार्थ लगे नोट से बेहोश हुईं
आरोप है कि दोनों युवक महिला को बातों में उलझाते हुए रफीकनगर स्थित उनके घर के पास तक पहुंच गए। वहां उन्होंने महिला से घर से रुपये और आभूषण लाने को कहा।
नाजरीन ने घर से करीब नौ तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद एक प्लास्टिक के कट्टे में रखकर उन्हें सौंप दिए।
पत्थर थमाकर दो दिन नहीं खोलने कहा
आभूषण और नकदी लेने के बाद दोनों युवकों ने नाजरीन को कागज में लिपटे पत्थर के दो टुकड़े दिए। आरोपितों ने महिला से कहा कि इसे दो दिन तक नहीं खोलना है।
इसके बाद नाजरीन घर पहुंचीं तो उनकी तबीयत खराब हो गई और वह बेहोशी जैसी हालत में रहीं। बेटे आशु, पुत्रवधु निशा और बेटी अलीशा ने पड़ोस से डाक्टर बुलाकर उन्हें दवा दिलाई।
होश आने पर सामने आई पूरी ठगी
रहीसुद्दीन के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे नाजरीन को होश आया। उन्होंने स्वजन को पूरी घटना बताई। इसके बाद घर में सामान की जांच की गई तो आभूषण और नकदी गायब मिली। कागज खोलने पर उसमें पत्थर के दो टुकड़े मिले।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। नगर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी से आरोपितों की पहचान जारी
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे दोनों युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 14, 2026