मारपीट में घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मौत, चार लोगों पर लगाया हमला करने का आरोप,
पिता की मौत के बाद पुत्र ने कोतवाली में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग
.
#हरदोई: live कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव में कथित मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने गांव के ही चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते उसके पिता के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गोवर्धनपुर निवासी राममिलन पुत्र भारत लाल कनौजिया द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, बीते 19/20 अगस्त की रात गांव के ही रामखेलावन पुत्र बुलाकी, पार्वती पत्नी रामखेलावन तथा डब्लू, चुन्नू पुत्र रामखेलावन, मेवाराम पुत्र बुलाकी ने कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते उसके पिता भारत के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे भारत को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपित कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
परिजनों के मुताबिक, आसपास के ग्रामीणों की मदद से घायल भारत को तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बेहतर उपचार की उम्मीद में उन्हें एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया, लेकिन उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बाद में उन्हें जिला अस्पताल हरदोई में भर्ती कराया गया।
तहरीर के अनुसार, 28 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे चिकित्सकों ने भारत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुत्र राममिलन का कहना है कि पिता की मौत के बाद उन्होंने बेनीगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 30, 2026