मेरठ में बारूद के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 1.10 करोड़ का केमिकल और पटाखे जब्त
उत्तर प्रदेश के मेरठ में दीवाली और त्योहारों से ठीक पहले पुलिस ने अवैध पटाखों और जानलेवा बारूद के काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी के सख्त निर्देश पर एसपी सिटी के पर्यवेक्षण में परतापुर, ब्रह्मपुरी, देहलीगेट और रेलवे रोड थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने केसरगंज मंडी निवासी गौरव मोहन के ठिकानों पर एक साथ रेड मारी।
देहलीगेट और रेलवे रोड क्षेत्र में स्थित गोदामों से बिना किसी वैध लाइसेंस के छुपाकर रखा गया करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये कीमत का संदिग्ध रासायनिक पदार्थ, भारी मात्रा में तैयार पटाखे और पटाखा बनाने का सामान बरामद किया गया।
खतरनाक केमिकल और सामग्रियां बरामद:
जब्त सामग्री में बेहद घातक टाइटेनियम, मैग्नीशियम, बेरियम कार्बोनेट, एल्यूमीनियम पाउडर, बीटा ब्लू और चारकोल के साथ-साथ फ्यूज वायर, बने हुए स्काई शॉट, आलू बम और पटाखा बनाने की नलियां शामिल हैं।
बड़ा हादसा टला:
शुरुआती जांच में सामने आया है कि घनी आबादी वाले इलाके में बिना सुरक्षा मानकों के यह खतरनाक रसायन स्टोर किया गया था, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। पुलिस ने सभी केमिकल के सैंपल फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Sep 14, 2026