हरदोई: उफान पर नदियां, गर्रा नदी के तेज कटान से सराय राघव गांव पर मंडराया खतरा
जनपद हरदोई में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण लगभग सभी प्रमुख नदियों में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति बनी हुई है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से तटीय इलाकों में भूमि कटान की समस्या भी तेजी से बढ़ने लगी है, जिससे तटवर्ती गांवों में रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
गर्रा नदी कर रही तेजी से कटान, वीडियो वायरल
भरखनी ब्लॉक क्षेत्र के सराय राघव गांव के बाहर से गुजर रही गर्रा नदी इन दिनों तेजी से कटान कर रही है। नदी की धारा से हो रहे कटाव की गंभीरता को दर्शाते हुए स्थानीय नागरिक दुरगेश दीक्षित ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पोस्ट किया है, जो अब तेजी से शेयर हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नदी किस तरह किनारे की जमीन को अपने आगोश में ले रही है।
नदी किनारों से दूर रहने की अपील
नदी के रौद्र रूप और तेजी से हो रहे कटान को देखते हुए प्रशासन व स्थानीय लोगों ने तटीय क्षेत्र के निवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को नदी के किनारों के पास न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
Hardoi, Hardoi | Sep 14, 2026