मुजफ्फरपुर टाउन हॉल में पीएम सूर्य घर योजना के विशेष शिविर का शुभारंभ, 165 सरकारी कर्मियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
मुजफ्फरपुर, 16 अक्टूबर 2026। जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव , IAS की अध्यक्षता में आज टाउन हॉल, मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सरकारी कर्मियों एवं पदाधिकारियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी कर्मियों एवं पदाधिकारियों द्वारा अपने घरों पर रूफटॉप सोलर लगवाने से आम जनता भी प्रेरित होगी। इससे न केवल बिजली बिल में बचत होगी, बल्कि हरित ऊर्जा एवं स्वच्छ पर्यावरण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरकारी सब्सिडी का लाभ लेकर उपभोक्ता अपने बिजली खर्च को काफी कम कर सकते हैं। कई मामलों में सोलर सिस्टम की मासिक EMI, वर्तमान बिजली बिल से भी कम हो सकती है।
जिला पदाधिकारी महोदय ने विशेष रूप से शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों एवं अन्य कर्मियों को इस योजना से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। दुर्गा पूजा के बाद जिले के प्रत्येक प्रखंड में शिविर लगाकर अधिक से अधिक सरकारी कर्मियों एवं पदाधिकारियों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में सरकारी कर्मियों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कुल 165 सरकारी कर्मियों ने योजना के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन कराया। पंजीकृत लाभार्थियों के घरों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अधिकृत वेंडरों के माध्यम से रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किया जाएगा। शिविर में 25 से अधिक वेंडरों ने भाग लिया और उपभोक्ताओं को विभिन्न आकर्षक ऑफर एवं सोलर इंस्टॉलेशन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।
अंत में जिला पदाधिकारी महोदय ने जिले के सभी सरकारी कर्मियों एवं पदाधिकारियों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar