विदेशी सैलानियों से गुलजार हुआ बोधगया, महाबोधि मंदिर में गूंज रहा ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’
पर्यटन सीजन में बुद्धमय हुआ बोधगया, कहीं पूजा-अर्चना तो कहीं ध्यान-साधना में लीन दिखे विदेशी श्रद्धालु
गया। पर्यटन सीजन शुरू होते ही अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया एक बार फिर विदेशी सैलानियों से गुलजार होने लगा है। अमेरिका, जापान, थाईलैंड, म्यांमार, वियतनाम, ऑस्ट्रेलिया और कंबोडिया समेत कई देशों से बौद्ध श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह से ही महाबोधि मंदिर परिसर में विदेशी पर्यटकों और बौद्ध भिक्षुओं की चहल-पहल देखने को मिल रही है।
महाबोधि मंदिर का वातावरण इन दिनों पूरी तरह बुद्धमय हो गया है। मंदिर परिसर में कहीं बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु सामूहिक रूप से ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’ का पाठ कर रहे हैं, तो कहीं विदेशी पर्यटक भगवान बुद्ध के दर्शन और पूजा-अर्चना में जुटे हैं। कोई मंदिर के गर्भगृह में पूजा कर रहा है, तो कोई पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे घंटों बैठकर ध्यान और साधना में लीन है। बौद्ध मंत्रों और प्रार्थनाओं की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक बना हुआ है।
पर्यटन सीजन के साथ ही महाबोधि मंदिर और विभिन्न देशों की बौद्ध मोनास्ट्री में विशेष धार्मिक आयोजनों का दौर भी शुरू हो गया है। इन दिनों कठिन चीवर दान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न देशों से आए बौद्ध श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के साथ विदेशी पर्यटक बोधगया के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कर रहे हैं।
विदेशी मेहमानों की बढ़ती आमद से बोधगया के बाजार, होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन कारोबार में भी रौनक लौटने लगी है। पर्यटन व्यवसायियों को आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटन सीजन के साथ बोधगया एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिकता के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान को जीवंत करता नजर आ रहा है।