आयुक्त ने दो स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से नियमित संवाद स्थापित कर फीडबैक लेने का निर्देश
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने सोमवार को सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) और राजकीय जिला स्कूल, मुजफ्फरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षा विभाग का संपूर्ण तंत्र सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और फीडबैक को गंभीरता से लिया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी निरंतर प्रयास करें, ताकि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।