आलू की बोरियों के बीच छिपाकर लाई जा रही थी शराब, मोतीपुर में 180 कार्टन बरामद
*लकार और ट्रक से 189 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त; कार चालक गिरफ्तार, ट्रक चालक फरार
उत्पाद विभाग की कार्रवाई
मुजफ्फरपुर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए कार और ट्रक से 189 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की है। अहियापुर के भिखनपुर में कार चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि मोतीपुर ओवरब्रिज पर शराब लदा ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। ट्रक में आलू की बोरियों के बीच छिपाकर उत्तर प्रदेश निर्मित 180 कार्टन शराब लाई जा रही थी।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि पटना नंबर की एक कार से शराब लेकर दरभंगा में आपूर्ति की जा रही है। सूचना के आधार पर एएसआइ राजा जनमेजय कुमार के साथ टीम ने अहियापुर के भिखनपुर में घेराबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से नौ कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। चालक की पहचान सोनपुर निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने शराब दरभंगा पहुंचाने की बात स्वीकार की। उत्पाद विभाग ने कार और शराब जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध अभियोग दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
*आलू की बोरियों के बीच छिपाई गई थी शराब*
दूसरी कार्रवाई मोतीपुर ओवरब्रिज पर की गई। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से ट्रक में शराब की खेप लाई जा रही है। इसके बाद एएसआइ नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की।मौके पर शराब लदा ट्रक खड़ा मिला, लेकिन चालक फरार हो चुका था। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके पिछले हिस्से में चारों तरफ आलू की बोरियां रखी मिलीं। इन बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई उत्तर प्रदेश निर्मित तीन ब्रांड की 180 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग ने ट्रक और शराब को जब्त कर लिया है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
दोनों कार्रवाई में 189 कार्टन अंग्रेजी शराब, एक कार और एक ट्रक जब्त किया गया है। कार चालक गिरफ्तार हुआ है, जबकि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।