खुले में पेशाब करने से रोकने पर सुरक्षा गार्ड पर तलवार से हमला, नामजद आरोपी गिरफ्तार!! ऋषिकेश के चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय के पास हुई वारदात, पुलिस ने हमले में इस्तेमाल तलवार की बरामद!!
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप के पास सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा हमला करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार भी बरामद कर ली है। घायल सुरक्षा गार्ड को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।
पुलिस के अनुसार, नई जाटव बस्ती, ऋषिकेश निवासी टीटू पुत्र स्वर्गीय धर्मवीर ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका छोटा भाई अर्जुन चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात है। आरोप है कि पंजाब से यात्रियों को लेकर बस संख्या HR45D-1271 से पहुंचे मनदीप सिंह ने गेट नंबर एक के पास पार्किंग में खुले में पेशाब करना शुरू कर दिया। अर्जुन ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई।
शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी बस से धारदार तलवार निकाल लाया और अर्जुन के सिर व शरीर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पार्किंग कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उसे राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी मनदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी ग्राम अलीपुर, वार्ड नंबर 18, रणजीत सिंह कॉलोनी, सरहिंद रोड, पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में खुले में पेशाब करने से रोकने पर उसका अर्जुन से विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने तलवार से अर्जुन पर वार कर दिए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चमोली और कांस्टेबल शंकर बिजलवान शामिल रहे।