मंत्री रेखा आर्य का ब्लड प्रेशर 200/130 तक पहुंचा, सीने में दर्द की शिकायत, डॉक्टरों की निगरानी में कैबिनेट मंत्री, फिलहाल हालत स्थिर,,
पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद मंत्री रेखा आर्य की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती!!
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के समय उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था और उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी।
अस्पताल के डॉक्टर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री रेखा आर्य को जब अस्पताल लाया गया, तब उनका ब्लड प्रेशर लगभग 200/130 दर्ज किया गया था। उनकी प्रारंभिक जांच के दौरान ईसीजी में भी कुछ हल्के बदलाव देखने को मिले। इसके बाद कार्डियोलॉजिस्ट सहित चिकित्सकों की टीम ने उनका परीक्षण किया और आवश्यक जांचें कराई हैं।
डॉक्टर के मुताबिक, फिलहाल रेखा आर्य की स्थिति में सुधार है और उनके स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख संकेतक स्थिर हैं। उनका ब्लड प्रेशर भी अब नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और फिलहाल उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
चिकित्सकों ने बताया कि मंत्री को किसी पुरानी बीमारी की जानकारी नहीं है। हालांकि, अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने और ईसीजी में बदलाव सामने आने के कारण उनकी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रखे हुए है। अस्पताल की ओर से दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी हालत पहले से बेहतर और स्थिर है।