रेखा आर्य प्रकरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग,, गरिमा मेहरा दसौनी बोलीं—महिला सुरक्षा पर जवाब दें मुख्यमंत्री धामी, आरोपों की हो फॉरेंसिक जांच,,
उत्तराखंड। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित वीडियो और ऑडियो प्रकरण को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश की एक कैबिनेट मंत्री स्वयं अपने पति से जान का खतरा होने की बात कह रही हैं, ऑडियो जारी कर रही हैं और शिकायत दर्ज करा रही हैं, तो यह राज्य में महिला सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
दसौनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सवाल किया कि मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की कि मामले से जुड़े ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि उसकी प्रामाणिकता और तथ्यों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दसौनी ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि सरकार की संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को उसके पद या प्रभाव के आधार पर विशेष छूट नहीं मिलनी चाहिए।