पैसों के लेन-देन के विवाद में जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से हमला कर 25 वर्षीय युवक को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 17 नवंबर । 11 नवंबर को पुलिस थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम को आर्टेमिस अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि वजीराबाद निवासी लखराम यादव लड़ाई-झगड़े में घायल होकर उपचाराधीन है। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तथा घायल के बयान दर्ज करवाने के लिए डॉक्टर से राय ली गई। डॉक्टर द्वारा घायल को बयान देने के लिए अनफिट बताया गया तथा उसके सिर पर गंभीर चोट होने व हालत गंभीर होने की जानकारी दी गई।
इसके उपरांत 12 नवंबर को घायल के भाई ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 10 नवंबर को उसके भाई लखराम के दोस्त विकास का लोकेश के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते लोकेश ने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर विकास व लखराम पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया तथा लोहे की रॉड से लखराम के सिर पर वार करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। प्राप्त शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट एवं डॉक्टर की राय के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उपरोक्त अभियोग में 16 नवंबर को 1 आरोपी लोकेश पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी सोलंकी मार्केट, वजीराबाद, सेक्टर-52, गुरुग्राम को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी लोकेश का पीड़ित के दोस्त विकास के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते जब विकास व लखराम आरोपी से पैसे मांगने गए तो आरोपी लोकेश ने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। हमले में लखराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जो वर्तमान में अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को 17 नवंबर को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है ।अभियोग का अनुसंधान जारी है।