बंजारा मार्केट के पास खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार।
आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग 1 स्कूटी, 1 अर्टिगा गाड़ी, 3 मोबाइल फोन व गाड़ी का शीशा तोड़ने का औजार बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 16 नवंबर । 4 नवंबर को पुलिस थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें पीड़ित/शिकायतकर्ता ने बताया कि 1 नवंबर को इसने अपनी टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस गाड़ी को बंजारा मार्केट, सेक्टर-56, गुरुग्राम स्थित Where Else Restaurant के पास खड़ा किया था। जब यह वापस आया तो इसकी गाड़ी के पीछे बाईं तरफ के दरवाजे का शीशा टूटा हुआ मिला तथा गाड़ी में रखा बैग चोरी मिला। बैग में करीब 75,000 रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, मूल पैन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। प्राप्त शिकायत पर थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-65, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा 14 नवंबर को सेक्टर-65, गुरुग्राम से उक्त अभियोग की वारदात को अंजाम देने वाले 2 आरोपियों दक्ष उर्फ नोनी (उम्र 24 वर्ष, शिक्षा 12वीं), निवासी मदनगीर, थाना अंबेडकर नगर, दिल्ली तथा 2. राजेश उर्फ रोहन उर्फ चाची (उम्र 32 वर्ष, शिक्षा 5वीं), निवासी मदनगीर, थाना अंबेडकर नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि दोनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं तथा सांय के समय अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी व कार से गुरुग्राम आते थे। ये रेस्टोरेंट, मार्केट व मॉल के आसपास सुनसान अथवा अंधेरे वाले स्थानों पर खड़ी महंगी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। एक आरोपी आसपास निगरानी रखता था, जबकि दूसरा किसी कठोर वस्तु अथवा कोहनी से गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर रखा बैग व कीमती सामान चोरी कर लेता था। चोरी किए गए सोने के आभूषण व अन्य कीमती सामान को दिल्ली में सस्ते दामों पर बेच देते थे तथा चोरी की नकदी अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे। उपरोक्त अभियोग की वारदात को भी आरोपियों ने इसी तरीके से अंजाम दिया था।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी राजेश उर्फ रोहन उर्फ चाची के विरुद्ध चोरी के संबंध में दिल्ली में 1 अभियोग पहले भी अंकित है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग की गई 1 स्कूटी, 1 अर्टिगा गाड़ी, 3 मोबाइल फोन तथा गाड़ी का शीशा तोड़ने के लिए प्रयोग किया जाने वाला 1 औजार बरामद किया गया।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को माननीय अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया था। आरोपियों से चोरी किए गए अन्य सामान की बरामदगी तथा अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
Jhajjar, Jhajjar | Nov 16, 2026