निजी पाठशाला संचालित करके धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में 4 महिलाएं गिरफ्तार।
पुलिस थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा गांव घाटा में की गई रेड के दौरान चारों महिलाएं मौके से काबू।
मौके से CCTV कैमरा व एक मोबाइल फोन बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग,15 नवंबर । गुरुग्राम पुलिस द्वारा धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान सुमन (उम्र-21 वर्ष) कुमारी पुत्री विनोद शाह निवासी कोसलपुरी, आजादपुर, दिल्ली, राजकुमारी चाओबा सिंह (उम्र-36 वर्ष) पुत्री राजकुमार चाओबा निवासी जिला विष्णुपुर, मणिपुर (वर्तमान निवासी सेक्टर-86, गुरुग्राम), अशमिता चाहार (उम्र- 35 वर्ष) पुत्री दलबहादुर निवासी नेपाल (वर्तमान निवासी कोटला, दिल्ली) तथा ललनपुई (वर्ष-31 वर्ष) पुत्री वी. ललपनलियाना निवासी आइजोल, मिजोरम (वर्तमान निवासी द्वारका, दिल्ली) के रूप में हुई है।
14 नवंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि गांव घाटा में SPR रोड स्थित सर्विस स्टेशन के नजदीक बनी झुग्गी-झोपड़ियों एवं कच्चे कमरों में कुछ अज्ञात व्यक्ति व महिलाएं गरीब परिवारों के छोटे बच्चों के लिए निजी पाठशाला संचालित कर रहे हैं तथा बच्चों को खाने-पीने की वस्तुएं एवं अन्य जरूरी सामान वितरित करने के साथ-साथ धर्मांतरण संबंधी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। उन लोगों के द्वारा पाठशाला संचालित करके तथा खाने-पीने की वस्तुएं वितरित करके बच्चों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राप्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 की पुलिस टीम द्वारा INSP/SHO सुखपाल के नेतृत्व में एक रेडिंग पार्टी तैयार की गई तथा गांव घाटा स्थित बताए गए स्थान पर रेड की गई। पुलिस टीम को मौके पर 4 महिलाएं मिलीं, जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान ललनपुई, अशमिता चाहार, राजकुमारी चाओबा सिंह एवं सुमन कुमारी उपरोक्त के रूप में बताई। पुलिस टीम द्वारा चारों महिलाओं को नियमानुसार काबू किया गया।
उपरोक्त प्राप्त शिकायत एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर उपरोक्त महिलाओं के विरुद्ध धर्मांतरण के प्रयास से संबंधित अपराध पाए जाने पर थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम में 14 नवंबर को धारा 3(a)(i) Haryana Prevention of Unlawful Conversion of Religion Act, 2022 एवं धारा 3(5) BNS के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा उपरोक्त चारों आरोपित महिलाओं को नियमानुसार अभियोग में शामिल अनुसंधान/गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपित महिला आरोपित ललनपुई एक निजी कम्पनी में HR के पद पर कार्य करती है, आरोपित अशमिता चाहार एक हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयं सेवक के रूप कार्य है, आरोपित राजकुमारी चाओबा सिंह एक निजी कम्पनी में लीड एनालिस्ट के पद पर कार्यरत है तथा आरोपित युवती सुमन ने गत वर्ष ही ग्रेजुएशन की है और अभी बी.एड. के लिए तैयारी करती है। ये सभी करीब पिछले एक साल से शनिवार के दिन दिल्ली से गुरुग्राम में आकर बच्चों को शिक्षा व खाने-पीने की वस्तुएं देने के नाम पर निजी पाठशाला संचालित करते हुए उन्हें ईसाई धर्म अपनाने की प्रेरणा दे रही थी।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से एक CCTV कैमरा तथा आरोपिता सुमन कुमारी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा बरामद किए गए सामान तथा उपरोक्त आरोपितों के ब्यानों के आधार पर अभियोग से सम्बंधित सभी तथ्यों व पहलुओं को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।