एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन का आक्रोश मार्च
अरवल मोड़ से अंबेडकर चौक तक निकला जुलूस, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
जहानाबाद : एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर इंडिया गठबंधन के आह्वान पर गुरुवार को शहर में आक्रोश मार्च निकाला गया। इसमें गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। अरवल मोड़ से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसआईआर को वापस लेने की मांग की।
अंबेडकर चौक पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने सभा कर विरोध जताया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एसआईआर के जरिए मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर मुद्दा बताते हुए सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की।
मार्च में राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर, राजद नेता शशि रंजन उर्फ पप्पू यादव, युवा नेता शैलेश कुमार यादव समेत इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी को लेकर गठबंधन लगातार आवाज उठा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि एसआईआर के मुद्दे पर सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।