जहानाबाद : गंगा दिवस के अवसर पर सोमवार को यमुना-दरधा संगम घाट पर नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नदी संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी सह जिला गंगा समिति की अध्यक्ष छिरिङ वाई भूटिया ने लोगों से नदियों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एनबी किड्स के बच्चों ने 'गंगा मां' विषय पर प्रस्तुति दी। वहीं शाहिदा फातिमा और अर्पिता परमार ने गंगा पर आधारित एकल नृत्य प्रस्तुत किया। मंथन कला परिषद, खगौल (पटना) के कलाकारों ने गंगा अवतरण पर आधारित नृत्य-नाटिका और स्वच्छता विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नदियों के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व के साथ प्रदूषण रोकने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि नदियां हमारी सांस्कृतिक विरासत और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इन्हें स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से नदी घाटों पर कचरा और प्लास्टिक नहीं फेंकने तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।