दुर्गा पूजा पंडालों का एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जहानाबाद : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर रविवार को पुलिस अधीक्षक ने नगर थाना क्षेत्र और घोषी थाना क्षेत्र के भारथु सहित विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने पूजा पंडालों में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जहानाबाद पुलिस ने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।