वायरल वीडियो: हुंसेपुर करमाया में पुलिया के पास दिखा विशाल मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
हरदोई के टोडरपुर विकासखंड स्थित हुंसेपुर करमाया गांव में सुखेता नदी से निकले नाले की पुलिया के पास एक बड़े मगरमच्छ के दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
रोजाना इस्तेमाल होने वाले रास्ते के पास मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित हैं और उन्हें नाले व पुलिया की ओर जाने से रोक रहे हैं। ग्रामीणों ने मगरमच्छ के रिहायशी इलाके में पहुंचने की आशंका जताते हुए सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उपयुक्त स्थान पर छोड़ने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों में बना डर खत्म हो सके।
बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए लोगों से अपील है कि नदी, नाले और बाढ़ के पानी से दूरी बनाए रखें। बच्चों को पानी के आसपास न जाने दें और मगरमच्छ या किसी अन्य जंगली जीव के दिखाई देने पर उसके करीब जाकर वीडियो बनाने की कोशिश न करें।
नोट: वायरल हो रहे वीडियो की स्वतंत्र रूप से द हरदोई समाचार पुष्टि नहीं करता है। वीडियो की सत्यता और स्थान की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा किया जाना बाकी है।
Bilgram, Hardoi | Sep 13, 2026