सीएम हेल्पलाइन शिकायत का निराकरण नहीं करने पर प्रभारी कनिष्ठ अभियंता एवं सहायक अभियंता के वेतन से एक-एक हजार की कटौती के आदेश
===
20 दिन तक शिकायत लंबित रखने और जवाब दर्ज नहीं करने पर विद्युत विभाग ने की कार्रवाई
==
कलेक्टर श्री यादव के निर्देश पर हुई कार्यवाही
===
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता श्री चौहान को अन-अटैण्ड शिकायतो पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए थे। उसी तारतम्य में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, उत्तर संभाग दमोह द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशानुसार सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत लगभग 20 दिनों से लंबित थी। शिकायत का निराकरण अथवा जवाब दर्ज नहीं किए जाने के कारण शिकायत एल-1 स्तर से एल-2 स्तर पर पहुंच गई। इससे कंपनी की छवि धूमिल होने और कार्य के प्रति उदासीनता को देखते हुए हटा शहर वितरण केंद्र में पदस्थ प्रभारी कनिष्ठ अभियंता अजीत पटेल एवं पटेरा वितरण केंद्र में पदस्थ सहायक अभियंता रविशंकर तिवारी के वेतन से एक-एक हजार की कटौती करने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह आदेश कार्यपालन अभियंता, म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, उत्तर संभाग दमोह द्वारा जारी किया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आदेशानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Damoh, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026