सड़क सुरक्षा अभियान: 24 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 67 हजार रुपये जुर्माना वसूला
जमुई मोड़ से रामगढ़ चौक मोड़ तक चला विशेष जांच अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट की हुई जांच
लखीसराय। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग की टीम ने मंगलवार को विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जमुई मोड़ से रामगढ़ चौक मोड़ तक चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इनसे कुल 67 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट उपयोग और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने की जांच की गई। इसके अलावा ट्रैक्टरों के आवश्यक कागजात, बसों की छत पर यात्रियों के अनधिकृत परिवहन तथा वाहनों की निर्धारित गति सीमा के पालन की भी जांच की गई।
परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक किया। विभाग का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।