ई-निबंधन में बढ़ा लोगों का भरोसा, 12 दिनों में 67 दस्तावेजों का निबंधन
जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को निबंधन कार्यालय, जहानाबाद का पुनः निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-निबंधन व्यवस्था के तहत डिजिटल निबंधन की प्रगति, दस्तावेजों के निष्पादन और आम लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला अवर निबंधक ने बताया कि 29 अगस्त को ई-निबंधन के तहत आठ दस्तावेजों का निबंधन प्रस्तावित था। इनमें छह दस्तावेजों का निबंधन पूरा होने के बाद जिला पदाधिकारी ने स्वयं संबंधित पक्षकारों को दस्तावेज सौंपे।
ई-निबंधन को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के सभी अंचलों में अंचलाधिकारियों के स्तर से जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में निबंधन कार्यालय के कर्मी भी मौजूद रहकर लोगों को ई-निबंधन की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दे रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इससे डिजिटल निबंधन के प्रति लोगों का भरोसा और सहभागिता बढ़ी है।
पिछले माह की तुलना में 84.43 प्रतिशत अधिक राजस्व
जिला पदाधिकारी ने बताया कि चालू माह में पिछले 12 दिनों के दौरान ई-निबंधन के माध्यम से 67 दस्तावेजों का निबंधन किया गया है। इससे सरकार को 9 लाख 22 हजार 492 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
वहीं, 18 जुलाई 2026 से ई-निबंधन व्यवस्था शुरू होने के बाद पिछले माह की समान अवधि में 42 दस्तावेजों का निबंधन हुआ था, जिससे 5 लाख 178 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस तरह इस माह समान अवधि की तुलना में 4 लाख 22 हजार 313 रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। यह करीब 84.43 प्रतिशत की वृद्धि है।
जिला पदाधिकारी ने इसे ई-निबंधन व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों के बढ़ते विश्वास और जागरूकता का सकारात्मक परिणाम बताया। उन्होंने जिलेवासियों से डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक ई-निबंधन सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।