राष्ट्रीय खेल दिवस पर गांधी मैदान में गूंजा खेलों का उत्साह
जहानाबाद: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को गांधी मैदान में “मेजर ध्यानचंद जहानाबाद स्पोर्ट्स मीट-2026” का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में आयोजित खेल उत्सव में बच्चों से लेकर अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। जिला पदाधिकारी सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके खेल योगदान को याद किया।
स्पोर्ट्स मीट में बच्चों के लिए सैक रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा आठ से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए इंटर स्कूल रिले रेस, खेलो इंडिया के प्रतिभागियों के लिए वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता तथा पुरुष एवं महिला वर्ग में 200 मीटर दौड़ कराई गई। 200 मीटर दौड़ में अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है। खेल से टीम भावना, अनुशासन, निष्पक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। हार के बाद दोबारा प्रयास करने का साहस भी खेल हमें सिखाता है। नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जिला पदाधिकारी ने जहानाबादवासियों से अपील करते हुए कहा कि “एक घंटा खेल के मैदान में” की भावना को केवल राष्ट्रीय खेल दिवस तक सीमित नहीं रखें। प्रत्येक दिन कम से कम एक घंटा खेल के लिए निकालें। स्वस्थ रहें, फिट रहें और खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि खेल बेहतर खिलाड़ी बनाने के साथ ही बेहतर इंसान बनने की सीख भी देता है। स्वस्थ, अनुशासित एवं ऊर्जावान समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।