अपने ही मकान में बेघर हुई बुजुर्ग महिला! कमरा तोड़कर सामान छत पर फेंकने और छाती में लात मारने का आरोप, एसएसपी से लगाई गुहार, प्रतिष्ठित डालमिया परिवार का मामला
केपी रोड के धामी टोला मोहल्ले में संपत्ति और दुकान के हिस्से को लेकर विवाद; सुशीला देवी बोलीं- अपना हिस्सा नापकर उचित कीमत दे दें, लेकिन मुझे घर से बेदखल न करें, अभिषेक डालमिया ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
गयाजी। जिस मकान में जिंदगी का लंबा सफर गुजारा, जिस घर को अपना आशियाना समझकर एक बुजुर्ग महिला रह रही थीं, आज उसी मकान से उन्हें बेघर कर दिए जाने का आरोप लगा है। गया जी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केपी रोड स्थित धामी टोला मोहल्ले में डालमिया ब्रदर्स एवं डालमिया सिंथेटिक से जुड़ा संपत्ति और दुकान के हिस्से का विवाद अब पुलिस के दरवाजे तक पहुंच गया है। बुजुर्ग महिला सुशीला देवी डालमिया ने आरोप लगाया है कि उनके रहने वाले कमरे को जबरन देवरा शिव कैलाश डालमिया, अरुण डालमिया और उनके पुत्र अभिषेक डालमिया ने तोड़ दिया गया और घर का सारा सामान उठाकर छत पर फेंक दिया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और छाती में लात मारी गई। वृद्ध महिला का कहना है कि उन्हें अपने ही घर से निकालकर बेघर कर दिया गया है। आधा-आधा दुकान हम लोग की थी. इस मामले को लेकर सुशीला देवी ने शुक्रवार को एसएसपी सुशील कुमार से मिलकर लिखित आवेदन दिया और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने कोतवाली थाने में भी आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की है. वृद्ध महिला सुशीला देवी डालमिया विवाद के समाधान के लिए वह लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें परेशान किया जा रहा है। अब वह न्याय के लिए एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
मापी कराकर हिस्सा देने को तैयार, फिर भी बढ़ता गया विवाद
पीड़ित वृद्ध महिला सुशीला देवी डालमिया ने कहा की केपी रोड स्थित डालमिया ब्रदर्स और डालमिया सिंथेटिक से जुड़ी संपत्ति और दुकानों के हिस्से को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि नीचे स्थित दुकान में उनका आधा हिस्सा है और बाकी आधा हिस्सा दूसरे पक्ष का है। उनका कहना है कि वह अपने हिस्से को लेकर किसी तरह का अनावश्यक विवाद नहीं चाहती हैं। यदि संपत्ति की विधिवत मापी कराकर उनके हिस्से का मूल्यांकन कर दिया जाए और उचित कीमत का भुगतान कर दिया जाए, तो वह अपना हिस्सा देने को तैयार हैं।
वृद्ध महिला का आरोप है कि उन्होंने कई बार बातचीत और आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बजाय उनके रहने वाले कमरे को ही तोड़ दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह संपत्ति में अपने हिस्से की मांग कर रही हैं और उचित मूल्य मिलने पर उसे छोड़ने को भी तैयार हैं, तो उन्हें घर से बेदखल करने की नौबत क्यों लाई जा रही है?
कमरा तोड़ने के बाद छत पर फेंका घरेलू सामान
पीड़ित वृद्ध महिला ने आरोप लगाया कि परिवार के कुछ लोगों ने उनके रहने वाले कमरे को जबरन तोड़ दिया। कमरे में रखे घरेलू सामान को निकालकर छत पर फेंक दिया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया और अपने सामान तथा रहने की जगह को लेकर सवाल उठाया, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। सुशीला देवी का आरोप है कि विरोध करने पर उनकी छाती में लात मारी गई। इस घटना के बाद से वह खुद को असहाय और बेघर महसूस कर रही हैं। उन्होंने बादशाह डालमिया, अरुण डालमिया, शिव अरुण डालमिया सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर परेशान करने और उनके साथ ज्यादती किए जाने का आरोप लगाया है।
आठ दिनों से चल रहा विवाद, दिवाली से पहले बढ़ा तनाव
पीड़ित वृद्ध महिला सुशीला देवी डालमिया ने कहा की यह विवाद करीब आठ दिनों से चल रहा है। उन्होंने बताया कि दिवाली से लगभग चार दिन पहले से ही परिवार में तनाव की स्थिति बनने लगी थी। धीरे-धीरे मामला बढ़ता गया और अंततः उनके रहने के कमरे को तोड़ने तथा सामान बाहर फेंकने की नौबत आ गई। पीड़ित वृद्ध महिला का कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें सहारे और सम्मान की जरूरत है, लेकिन उन्हें अपने ही घर में रहने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि संपत्ति की निष्पक्ष मापी कराई जाए, उनके हिस्से का उचित मूल्य निर्धारित किया जाए और जब तक विवाद का समाधान नहीं होता, तब तक उन्हें सुरक्षित तरीके से रहने दिया जाए। साथ ही, उनके साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
अभिषेक डालमिया ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, इस मामले में अभिषेक डालमिया ने अपना पक्ष रखते हुए आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल भारत से बाहर हैं। ऐसे में उनके द्वारा घर से बाहर आकर महिला की छाती में लात मारने की बात कैसे कही जा सकती है? उन्होंने आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
अब प्रशासन से न्याय की उम्मीद
एक ओर बुजुर्ग महिला अपने हिस्से की संपत्ति का उचित मूल्य लेकर विवाद खत्म करने की बात कह रही हैं, तो दूसरी ओर आरोपों को लेकर परिवार के भीतर मतभेद सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब सबकी नजर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। पीड़ित वृद्ध महिला सुशीला देवी की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, संपत्ति की मापी कराई जाए और उन्हें उनके अधिकार से वंचित न किया जाए। उनका कहना है कि वह किसी का हिस्सा नहीं चाहतीं, बस अपने हिस्से का न्याय और सिर छिपाने के लिए अपने घर में सम्मानजनक जगह चाहती हैं। #gayadastak #गयापुलिस #गयाजी #gaya #BiharPolice #GayaPolice #DamiyaPariwar #CrimeNews #gayapolicenews