अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर नन्हे कदम में मना कन्या जन्मोत्सव
डीएम ने बच्चों के बीच बांटी बेबी किट, स्वास्थ्य और पोषण का लिया जायजा
संस्थान में अब तक 20 बच्चों का हुआ पारिवारिक पुनर्वासन, छह के दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया जारी
जहानाबाद : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की उपस्थिति में 'नन्हे कदम' विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान डीएम ने संस्थान में आवासित बच्चों से मुलाकात की और उनके बीच बेबी किट का वितरण किया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, सुरक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
डीएम ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संस्थान में स्वच्छ, सुरक्षित और बाल-अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों को आयु के अनुरूप पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विधिसम्मत प्रक्रिया से ही हो दत्तक ग्रहण
जिला पदाधिकारी ने बच्चों के केस रिकॉर्ड और स्वास्थ्य रिपोर्ट की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को बाल कल्याण समिति, केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण और जिला बाल संरक्षण इकाई के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने बच्चों का पारदर्शी, विधिसम्मत और समयबद्ध पुनर्वासन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, उचित देखभाल और स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण पाने का अधिकार है। किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप ही दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए, ताकि बच्चों को अवैध रूप से गोद लेने, शोषण और तस्करी जैसी परिस्थितियों से बचाया जा सके। उन्होंने बालिकाओं के संरक्षण, सम्मान और सर्वांगीण विकास में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।
अब तक 20 बच्चों को मिला पारिवारिक परिवेश
संस्थान की उपलब्धियों के अनुसार, 'नन्हे कदम' विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान की स्थापना से अब तक 20 बच्चों का सफल पारिवारिक पुनर्वासन किया जा चुका है। वर्तमान में छह बच्चों के दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है। वहीं, बिहार सरकार के प्रयासों से विगत वर्षों में 124 बच्चों तथा वर्ष 2025 में 58 बच्चों को दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के माध्यम से नया परिवार मिला है।
बच्चे की जानकारी मिलने पर 1098 पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अनाथ, परित्यक्त या लावारिस बच्चे की जानकारी मिले, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करें अथवा 'नन्हे कदम' विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान को सूचित करें। यदि कोई व्यक्ति किसी परिस्थिति में बच्चे को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत अभ्यर्पित करना चाहता है, तो वह भी संबंधित संस्थान से संपर्क कर सकता है। संस्थान में बच्चों के लालन-पालन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और देखभाल की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 11, 2026