हरदोई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर
.
#हरदोई। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को हरदोई शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गांधी भवन से शहीद उद्यान तक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों और विद्यार्थियों से शहर की गलियां एवं प्रमुख मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठे।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह करीब 11 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण असीम अरुण ने किया। गांधी भवन से यात्रा रवाना होते ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
यात्रा के दौरान दोपहर करीब एक बजे अमर शहीद कर्नल हर्ष उदय सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद गांधी मैदान पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा:
तिरंगा यात्रा में जिले के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने भी सहभागिता की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती पीके वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मधुर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, संडीला विधायक अलका अर्कवंशी, भाजपा नेता पारुल दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह, पं. आशुतोष बाजपेई आजाद समेत अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विद्यार्थियों में दिखा देशभक्ति का उत्साह:
यात्रा में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों की मौजूदगी ने यात्रा को खास बना दिया। बच्चों के देशभक्ति के नारों और उत्साह से शहर की सड़कों पर राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया।
#रिपोर्ट: अखिल सिंह चंदेल | द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Aug 13, 2026