ग्राम बमूरिया नई में मलेरिया के मरीज होने की सूचना पर नियंत्रणात्मक कार्यवाही की गई
--
विकासखण्ड ईसागढ़ के ग्राम बमूरिया नई में मलेरिया के मरीज होने की सूचना प्राप्त होने पर नियंत्रणात्मक गतिविधियाँ स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग के संयुक्त अमले द्वारा की गई। इस दौरान एसडीएम ईसागढ श्री त्रिलोचन गौड़,बीएमओ,डीएमओं द्वारा ग्राम का भ्रमण कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।
ग्राम बमूरिया नई में सूचना मिलते ही 09 सितंबर 2026 से फीवर सर्वे एवं लार्वा सर्वे का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया था। प्रथम दिन कुल 28 बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें से कोई भी मलेरिया पॉजिटिव नहीं पाया गया। 10 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम आशा, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सीएचओ, मलेरिया वर्कर द्वारा लार्वा सर्वे किया गया तथा ग्रामीण जन को डेंगू/मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिये जागरूक किया गया। 11 सितंबर ग्राम बमूरिया नई में दोपहर 2.00 बजे तक 60 मरीजों की मलेरिया स्क्रीनिंग रैपिड जांच किट से की गई तथा 60 सैम्पल डेंगू जांच हेतु लेकर एलाईजा टेस्ट हेतु जिला चिकित्सालय अशोकनगर पहुंचाया गया अभी जांच परिणाम आना शेष है।
ग्राम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैम्प आयोजित कर आवश्यक दवाईयों का वितरण एवं परामर्श दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय अशोकनगर में रेफर करने की व्यवस्था की गई है प्रशासनिक अमले द्वारा ग्राम में लार्वा मच्छर नाशक दवाईयों का छिडकाव कराया गया। ग्राम पंचायत दवारा ग्राम में पानी निकासी, नाली सफाई, बरसाती गढ्ढे भरने आदि कार्यवाही की गई।
ग्राम में डेंगू मलेरिया नियंत्रण कार्य को प्राथमिकता पर लेते हुऐ स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप आयोजित करने के निर्देश दिये गये तथा प्रत्येक फीवर केस को डेंगू/मलेरिया मानते हुये विधिवत उपचार प्रबंध कराने के निर्देश दिये गये है।
#ashoknagar