क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही शिविर का मुख्य उद्देश्य–मुंगावली विधायक श्री यादव
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत खुजराई में शिविर आयोजित
मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं
---
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान संचालित किया गया है। अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याओं का हर संभव त्वरित निराकरण ही मुख्य उद्देश्य है। इस बात मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने जनपद पंचायत मुंगावली की ग्राम पंचायत खुजराई में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में कही। शिविर में विभिन्न समस्यामूलक 315 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से 178 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया गया। शेष आवेदनों का निराकरण हेतु सात दिवस की समय सीमा निर्धारित की गई है।
शिविर में मुंगावली विधायक श्री यादव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों तक सहज एवं सरल रूप से अधिकारियों द्वारा पहुंचाया जाए। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर 2026 से स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना अंतर्गत स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान से ग्रामीण आबादी को उनकी सम्पत्ति की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर राजस्व विभाग के माध्यम से दस्तावेज उपलब्ध कराये जायेंगे।
शिविर में मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव एवं कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों को सुना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन और शासन के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिविरों के माध्यम से सेवाएं उनके गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। शिविर में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की गई।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निराकरण की कार्यवाही किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने विभागवार योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में आवेदन प्रस्तुत करें। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।
शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,एसडीएम श्री बृजविहारीलाल श्रीवास्तव,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुंगावली श्री आलोक इटोरिया,जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JanVishwasAbhiyan2026
#ashoknagar