लोकेशन –रायबरेली
राही गांव में डीएम की मौजूदगी में हुई क्रॉप कटिंग, धान की पैदावार का किया गया आकलन
रायबरेली में धान की फसल की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के लिए सदर तहसील क्षेत्र के राही गांव में क्रॉप कटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी शरनजीत कौर ब्रोका की मौजूदगी में किसानों के खेतों में धान की फसल कटवाकर उत्पादन की नाप की गई। शुरुआती आकलन में धान की पैदावार बेहतर मिलने के संकेत सामने आए हैं। वहीं, बारिश से प्रभावित किसानों को सर्वे के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया गया है।
दरअसल, शासन के निर्देश पर मंगलवार, 3 नवंबर को राही ग्राम सभा में क्रॉप कटिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 12 बजे जिलाधिकारी शरनजीत कौर ब्रोका की मौजूदगी में किसान राजकुमार, रामवती, गया प्रसाद और राजेश सहित अन्य किसानों के खेतों में निर्धारित क्षेत्रफल से धान की फसल कटवाई गई। इसके बाद काटी गई फसल की नाप-तौल कर उत्पादन का आकलन किया गया।
क्रॉप कटिंग के जरिए जिले में धान की औसत पैदावार का वास्तविक आंकड़ा तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष बारिश के बावजूद अधिकांश क्षेत्रों में धान की फसल को बहुत अधिक नुकसान नहीं हुआ है। खेतों में फसल की स्थिति अच्छी है और शुरुआती आकलन में बेहतर उत्पादन के संकेत मिले हैं।