_*डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न*_
_*सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए अवैध कट बंद कराने व ब्लैक स्पॉट्स के सुधार के दिए निर्देश*_
*रायबरेली-02 नवम्बर 2026*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजमार्गों पर अवैध रूप से बनाए गए कटों को चिन्हित कर तत्काल बंद कराया जाए तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रवर्तन कार्यवाहियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद के प्रमुख चौराहों को यातायात की दृष्टि से सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। इसके साथ ही जनपद में समस्त श्रेणी के मार्गो / पुलियों पर शीतऋतु में कोहरा / धुंध के दृष्टिगत साइनेज, थर्मोप्लास्टिक, कैट आई, सफेद पट्टियां, रिफ्लेक्टर एवं वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
बैठक में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार एवं निवारण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस (IRAD) की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को समयबद्ध एवं शुद्ध रूप से अद्यतन किए जाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने गुड सेमेरिटन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की तत्काल सहायता करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित किया जाए तथा आमजन को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए जागरूक किया जाए, जिससे गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने बैठक में गड्ढामुक्त अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्य की भी समीक्षा की, उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, इसके साथ ही गड्ढामुक्त अभियान के अन्तर्गत किए गए कार्यों का सत्यापन भी कराया जाए।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह, प्रमोद कुमार सिंह राणा, एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद कटियार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।