उप संचालक कृषि ने ग्राम सुंदरपुर में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने बायो रिसोर्स केंद्र का किया औचक निरीक्षण
----
नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गठित क्लस्टरों में कृषकों को जैव उत्पाद उपलब्ध कराने एवं तैयार करने के लिए स्थापित बायो रिसोर्स केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसीक्रम में उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप ने गत दिवस ग्राम पंचायत सुंदरपुर विकासखंड टीकमगढ़ में संचालित बायो रिसोर्स केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बायो रिसोर्स केंद्र संचालक कृषक श्री मनोहर लोधी ने केंद्र में स्थापित जीवामृत ट्यूब के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती के अंतर्गत आत्मा योजना के माध्यम से उन्हें 1000 लीटर क्षमता की जीवामृत ट्यूब उपलब्ध कराई गई है। इसमें जीवामृत तैयार करने के लिए निर्धारित मात्रा में पानी, गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन तथा बरगद के पेड़ के नीचे की मिट्टी का उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रूप से ट्यूब भरने के लगभग 40 दिन बाद जीवामृत तैयार हो जाता है, जिसके बाद प्रतिदिन जीवामृत निकाला जा सकता है।
कृषक श्री लोधी ने उप संचालक कृषि को बायो रिसोर्स केंद्र में तैयार किए जा रहे ब्रह्मास्त्र, नीमास्त्र सहित अन्य जैव उत्पादों एवं उनके निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन जैव उत्पादों का उपयोग प्राकृतिक खेती में फसलों की सुरक्षा एवं उत्पादन में किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप ने कृषक को योजना के अंतर्गत बायो रिसोर्स केंद्र की स्थापना के लिए प्रदान की जा रही सहायता राशि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र स्थापना हेतु सहायता राशि की प्रथम किस्त 50 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से कृषक के बैंक बचत खाते में अंतरित की जा चुकी है। शासन से बजट प्राप्त होते ही शीघ्र ही द्वितीय किस्त 50 हजार रुपये भी डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इससे बायो रिसोर्स केंद्र के लिए आवश्यक अन्य सामग्री क्रय की जा सकेगी।
उप संचालक कृषि ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जैव उत्पादों के निर्माण एवं उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए कृषकों को योजना का अधिकाधिक लाभ लेने की बात कही। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री के.पी. अहिरवार एवं बीटीएम श्री कौशलेन्द्र सिंह चौहान उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh