युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का द्वितीय दिवस सम्पन्न
--
जिले में आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से संचालित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच के द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण आज तेज होटल, टीकमगढ़ में आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में चयनित जलीय संरचनाओं के तटीय क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रतिभागियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में जिला सेनानी श्री बी.पी. नामदेव एवं पूर्व आपदा मित्र द्वारा मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्स (MFR) एवं फर्स्ट एड के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की चोटों में प्राथमिक उपचार के तरीके बताए गए। सिर, पैर एवं हाथ में चोट लगने की स्थिति में पट्टी बांधने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए इंप्रोवाइज्ड मेथड से पट्टी बांधने की तकनीक भी सिखाई गई।
लंच के पश्चात प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में पीसी श्री अमित दुबे द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम (BLS) के अंतर्गत कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) की जानकारी दी गई। उन्होंने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में CPR की आवश्यकता एवं इसकी सही प्रक्रिया समझाई। इसके बाद डेमो के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को CPR करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सर्पदंश की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न जानवरों के काटने की स्थिति में किए जाने वाले प्राथमिक उपचार तथा बचाव के उपायों के संबंध में प्रतिभागियों को जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी ढंग से राहत-बचाव कार्य करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे अपने क्षेत्र में लोगों की सहायता कर सकें।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
1 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Aug 24, 2026