बछवाड़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर करीब 40 लीटर देसी महुआ शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद पूछताछ कर सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि रविवार दोपहर को पुलिस को जानकारी मिली थी कि कादराबाद पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर के पास और फतेहा पंचायत के गंगा सागर मुसहरी में खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है।
यह जानकारी गस्ती कर रहे एसआई जितेंद्र कुमार को दी गई। वे तुरंत उन जगहों पर पहुंचे। जहां कादराबाद पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर के पास वार्ड संख्या दो निवासी महेश चौधरी के घर में छापेमारी की गई। उनके घर के आंगन में किचन के पास से करीब 10 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई।
इसके बाद फतेहा पंचायत के गंगासागर मुसहरी में भी छापेमारी हुई। यहां वार्ड संख्या 12 निवासी गणपत सदा के घर के चौकी के पास से करीब 15 लीटर और घर के अंदर रखे बक्से के समीप करीब 15 लीटर कुल करीब 30 लीटर शराब बरामद की गई।
दोनों कारोबारियों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद मध निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों करोबारियों से पूछताछ कर न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया गया।