बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत मिथिलांचल की पावन भूमि नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर रविवार को चौरचन और तीज पर्व को लेकर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण झमटिया ढाला से गंगा घाट तक और राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर जाम लग गया। जिस वजह से श्रद्धालुओं को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। लेकिन, बछवाड़ा पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए और मौके पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं दिखे।
नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर दरभंगा, समस्तीपुर, रोसड़ा, सिंघिया, दलसिंहसराय समेत बछवाड़ा प्रखंड के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु आते हैं। यहां वे गंगा स्नान कर घाट के मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं और गंगाजल लेकर अपने घरों को लौटते हैं।
गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से घाट पर स्नान करने में दिक्कतें हुई। हालांकि, जल संसाधन विभाग ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाट किनारे सुरक्षा के लिए बालू की बोरियां (सैंडबैग) लगाई हैं। श्रद्धालु इन्हीं बोरियों पर खड़े होकर स्नान किए और नाविक भी श्रद्धालुओं पर नजर बनाए रखें, ताकि कोई दुर्घटना न हो।
घाट पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण छिनतई की घटनाएं भी सामने आई हैं। समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महिसारी गांव निवासी शुभम कुमार के गले से हनुमान जी की चकती नोच ली गई और कई महिलाओं के गले से सोने के ढोलना छीनने की भी शिकायतें मिली हैं।
इन घटनाओं के बाद गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बछवाड़ा पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विद्यापति नगर और दलसिंहसराय से गंगा स्नान करने आए प्रेम शंकर कुमार और उमाशंकर पासवान ने कहा कि श्रद्धालुओं को घाट पर खराब व्यवस्था के कारण काफी परेशानी हुई। गंगा घाट पर न तो प्रशासन की तरफ से कोई इंतजाम है और न ही कमेटी की तरफ से। जिस वजह से गंगा घाट के रास्ते में जाम लग गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
उन्होंने खास तौर पर महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की जगह न होने पर चिंता जताई। श्रद्धालुओं ने कहा कि महिलाएं खुले में कपड़े बदलने को मजबूर है। यदि घाट के ऊपरी हिस्से में भी कपड़े बदलने की जगह बना दी जाती, तो यह समस्या नहीं होती।
मंदिर के पुजारी बैजनाथ मिश्र ने बताया कि चौरचन पावन और तीज पर्व एक ही दिन होने के कारण गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए हैं। इन पर्वों को करने से सुख-संपत्ति, ऐश्वर्य और धन-धान्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि चौरचन पावन भादो मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाई जाती है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा कि गंगा घाट पर पुलिस बल तैनात करने के लिए स्थानीय थानाध्यक्ष को आदेश दिए गए हैं और जो भी घटनाएं हुई हैं, उन पर संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।