बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत दियारा क्षेत्र के पांच पंचायतों में हजारों लोग बाढ़ की भीषण त्रासदी झेल रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष और बछवाड़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिव प्रकाश गरीबदास ने विभिन्न विस्थापित केंद्र और इलाकों में जाकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनके बीच राहत सामग्री वितरण किया।
पिछले कई दिनों से लगातार दियारा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 'स्मृति शेष बाबू रामदेव राय सामाजिक उत्थान सेवा संस्थान' की मदद से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचा जा रहा है।
इसी दौरान शिव प्रकाश गरीबदास राहत पैकेट बांटने के लिए राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विद्यापतिनगर पहुंचे। वहां मौजूद बाढ़ प्रभावित लोगों, महिलाएं और नन्हे मुन्ने बच्चों ने विशेष आग्रह कर उनके साथ केक काटकर गरीबदास का जन्मदिन मनाया। साथ ही, 10 नंबर ढाला, नगरा ढाला, बोचहा और चमथा पुल सहित अन्य जगहों पर भी बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरण किया गया।
गरीबदास ने बताया कि उस पल को शब्दों में बयां करना उनके लिए संभव नहीं था। एक तरफ लोगों की आंखों में बाढ़ की त्रासदी का दर्द और घर-आंगन व जीवन की चिंता थी। दूसरी तरफ उनके प्रति लोगों का आत्मीय प्रेम और अपनापन था। इससे वे खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाए।
उन्होंने कहा कि कल का दिन उनके जीवन का सबसे बड़ा जन्मदिन था। यह जन्मदिन किसी भव्य आयोजन में नहीं, बल्कि अपने दुख में डूबे लोगों के बीच, उनकी सेवा करते हुए और उनके स्नेह के बीच मनाया गया।
यह प्रेम उनके लिए अनमोल धरोहर है। वे पहले भी लोगों के ऋणी थे, लेकिन इस अपार स्नेह के बाद और अधिक ऋणी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्यार और विश्वास का कर्ज वे किसी शब्द या सेवा भाव से भी नहीं चुका सकते। उन्होंने संकल्प लिया कि जब तक सांस है, वे बछवाड़ा के लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने अपने जन्मदिन को इतना भावुक, आत्मीय और अविस्मरणीय बनाने वाले सभी परिवारजनों, माताओं-बहनों, युवा साथियों और बच्चों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद और आभार जताया।